गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नीतीश नाराज नहीं, इंडिया गठबंधन में सब ठीक है

पटना : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन इंडिया का संयोजक नहीं बनाये जाने से नाराज होने की अटकलों के बीच आज स्पष्ट किया कि ऐसी कोई बात नहीं है और इंडिया में सब कुछ ठीक है। जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने शुक्रवार को यहां कहा कि 19 दिसंबर को नयी दिल्ली में इंडिया गठबंधन की हुई बैठक को लेकर पूरी तरह से गलत और विकृत कहानियां चलायी जा रही हैं। कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के नाराज होने की खबरें आ रही हैं। बैठक को बीच में छोड़ने की बात निराधार और मनगढ़ंत है।
श्री झा ने कहा, “बैठक के अंत तक श्री कुमार और श्री यादव दोनों मौजूद थे और कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से उचित अनुमति के बाद वे कार्यक्रम स्थल से चले गए।” उन्होंने कहा कि बैठक में अपने भाषण के दौरान श्री कुमार ने इंडिया गठबंधन के दलों के बीच सीट बंटवारे पर जोर दिया था। उन्होंने आगे कहा कि श्री कुमार ने इस बात पर भी जोर दिया कि सीटों का बंटवारा पूरा होने के बाद ही संयुक्त प्रचार अभियान शुरू होना चाहिए।
जदयू नेता ने कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी इंडिया की ओर से तैयार किया जायेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इंडिया द्वारा देश को एक मजबूत विकल्प प्रदान किया जाएगा। झा ने इंडिया की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्री यादव और श्री कुमार की अनुपस्थिति के बारे में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बैठक में यह पहले ही तय हो गया था कि मीडिया को कौन ब्रीफ करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यादव और कुमार के मौजूद रहने का कोई कार्यक्रम नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *