अधिकारियों को दिए निर्देश
पटना : नीतीश कुमार ने सोमवार को जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से आये 42 लोगों की समस्यायें सुनी और इसके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
कुमार ने 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग, ऊर्जा विभाग, पथ निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, जल संसाधन विभाग, उद्योग विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, परिवहन विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, योजना एवं विकास विभाग, पर्यटन विभाग, भवन निर्माण विभाग, वाणिज्य कर विभाग, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, गन्ना (उद्योग) विभाग एवं विधि विभाग से संबंधित मामलों पर सुनवाई की।
जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में पश्चिम चंपारण से आए एक बुजुर्ग ने रोते हुए कहा कि वह घर के बिजली बिल से परेशान है। बिजली विभाग ने उसे हजारों रुपए का बिजली थमाया है । इस पर मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग के सचिव को फोन कर कहा,” एक घर का बिजली बिल इतना ज्यादा कैसे हो सकता है । यह आदमी गरीब है । आप इसे गंभीरता से देखें।” इसी तरह कैमूर और लखीसराय जिला से आए फरियादी ने भी अपने घरों में अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत की और कहा कि जब वह विभाग से जांचने का आग्रह करते हैं तो कनेक्शन काटने की बात कही जाती है । मुख्यमंत्री ने इसकी जांच करा कर समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
