गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किसानों की मांग को प्रतिष्ठा का प्रश्न न बनायें नीतीश

केंद्र सरकार मदद को तैयार

पटना : सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बक्सर के किसानों की मांग को प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बनाने की सलाह देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को 2022-23 की दर पर जमीन का मुआवजा दे और इसके लिए केंद्र सरकार से जो भी मदद चाहिए, वह देने को तैयार है ।
मोदी ने शुक्रवार को किसानों और पुलिस बर्बरता की शिकार महिलाओं से बक्सर में भेंट कर लौटने के बाद यहाँ कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वर्तमान दर पर जमीन का मुआवजा देने की किसानों की मांग को प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बनाना चाहिए । उन्होंने कहा कि मुआवजा के मुद्दे पर आंदोलन करने वाले कुछ किसानों ने गुस्से में यदि कोई गलती की है, तो उन सबके खिलाफ बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सरकार ने सिंगूर के किसानों पर जुल्म किया, तो उनकी 35 साल की सत्ता चली गई थी। उन्होंने कहा कि राज्य की महागठबंधन सरकार ने यदि बक्सर के किसानों की जायज मांगें स्वीकार नहीं की, तो भविष्य की परियोजनाओं को लागू करने में कठिनाई होगी।
मोदी ने किसानों के मुद्दे पर सांकेतिक उपवास करने वाले केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे से भी भेंट की और कहा कि रात में महिलाओं के घर में घुसकर उनकी पिटाई करने वाले पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *