राजग मजबूत होगा
पटना : सुशील कुमार मोदी ने बिहार की जनता को नव वर्ष की बधाई दी और आशा प्रकट की कि वर्ष 2023 उथल-पुथल के बावजूद बड़े सकारात्मक बदलाव का साल होगा। मोदी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि इस साल बिहार में नीतीश कुमार को कुर्सी छोड़नी पड़ेगी, महागठबंधन के कई लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़ेंगे, शराबबंदी की समीक्षा करनी पड़ेगी और देश के नौ राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा फिर सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि समझौते के तहत लालू प्रसाद यादव अब मुख्यमंत्री की कुर्सी तेजस्वी यादव को सौंपने के लिए नीतीश कुमार को बाध्य करेंगे। भाजपा सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार ने 2025 का विधानसभा चुनाव तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृृत्व में लड़ने की घोषणा से जदयू और महागठबंधन के भीतर जो बौखलाहट पैदा की, उसकी प्रतिक्रिया इसी साल देखने को मिलेगी।उन्होंने कहा कि इस साल नीतीश कुमार को हाईकोर्ट के दबाव में तथाकथित पिछड़ा वर्ग आयोग की वह रिपोर्ट सार्वजनिक करनी पड़ेगी, जो आनन – फानन में मनमाने ढंग से तैयार कर रख ली गई है।
मोदी ने कहा कि सरकार जहरीली शराब से मौत की घटनाओं के दबाव में शराबबंदी लागू करने के तौर-तरीकों की समीक्षा के लिए बाध्य होगी। उन्होंने आशा प्रकट की कि भाजपा की मांग को स्वीकार कर नीतीश कुमार इस साल शराबबंदी से जुड़े वे मुकदमें वापस लेंगे, जिसके कारण चार लाख लोगों को जेल जाना पड़ा। इस एक फैसले से चार लाख लोगों का नया साल अच्छा हो सकता है।
