गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गठबंधन बदलने जैसी कोई बात नहीं

पटना : नीतीश कुमार ने प्रदेश में फिर से गठबंधन बदले जाने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए आज कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है।
कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर की उपस्थिति में शनिवार को अमर शहीद जुब्बा सहनी की पुण्यतिथि के अवसर पर मोईनुलहक स्टेडियम, राजेन्द्र नगर अवस्थित पार्क में अमर शहीद की आदकमद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बिहार में गठबंधन बदलने की चल रही बात के सवाल पर सवालिया लहजे में कहा कि कहां गठबंधन बदलने की बात चल रही है। ऐसी कोई बात नहीं है। यह सब चिंता मत कीजिए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के रिश्तेदारों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के सवाल पर कहा कि जिनके यहां छापेमारी हो रही है वो लोग अपना जवाब दे रहे हैं। इन सब चीजों पर उन्होंने शुरू से लेकर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। कहीं पर कुछ होता है तो उस पर वह कुछ नहीं बोलते हैं। जिनके यहां अभी रेड हुआ है उनके यहां पांच साल पहले भी रेड हुआ था। अभी फिर से हमलोग एक साथ हो गये हैं तो फिर से रेड हो रहा है।
कुमार ने कहा कि वर्ष 2017 में रेड हुआ था तो उन्होंने कह दिया था कि इसे एक्सप्लेन कर दीजिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसको लेकर कुछ बातें हुई और वहां के लोगों ने मेरे साथ बात करनी शुरू कर दी। उनलोगों की बात को मानकर हमलोग उनके साथ चले गये। फिर हमलोग जब इनके साथ आये हैं तो फिर से रेड शुरू हो गया है। क्या मामला है या नहीं है, ये तो वही लोग बतायेंगे। जिनके यहां रेड हुआ है वो लोग जवाब दे ही रहे हैं तो उनको इस पर क्या कहना है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय एजेंसी के दुरुपयोग को लेकर नौ विपक्षी दलों के प्रधानमंत्री को लिखे पत्र पर दस्तखत नहीं करने के सवाल पर कहा, “इसमें कोई इस तरह की बात नहीं है। हम तो इंतजार कर रहे हैं। अलग-अलग पार्टियां अलग-अलग काम करती हैं, इन सब चीजों से हमारा कोई मतलब नहीं है। हम तो रात-दिन काम करते रहते हैं। हमारी सक्रियता को आपलोग देख रहे हैं। समाधान यात्रा के दौरान हमने सभी जिलों में जाकर वहां की समस्याओं की जानकारी ली है। उन समस्याओं के निदान को लेकर हमलोग काम कर रहे हैं। हमलोग काम में व्यस्त हैं।

हमारी एक ही इच्छा है कि ज्यादा से ज्यादा दल एकजुट हो जायें। एक बार हमने सभी दलों से बात कर ली है। यदा-कदा लोगों से बातचीत होती रहती है। छोटे-मोटे कामों को लेकर अभी कहीं जाने की जरुरत नहीं है। सभी पार्टियों के लोग अपना-अपना काम करते रहते हैं। यहां सात पार्टियां मिलकर काम कर रही हैं। यहां पर कोई दिक्कत नहीं है। बाकी जिनकी जो इच्छा होती है वो करते हैं, सबको अधिकार है। जब सभी दलों में एकजुटता होगी तो अगर सभी जगहों पर जाने की जरुरत होगी तो जायेंगे। मेरी व्यक्तिगत कोई ख्वाहिश नहीं है। अपने लिए हम कुछ नहीं चाहते हैं। हम सबका हित चाह रहे हैं।”
कुमार ने विपक्षी एकजुटता को लेकर कांग्रेस से अपील करने के सवाल पर कहा कि उन्होंने हमेशा अपील की है। अभी हाल में हुई दो बैठक में भी उन्होंने इसको लेकर कहा है। इसको लेकर भाकपा माले की बैठक में भी उन्होंने कहा था और इसके बाद सातों पार्टियों की पूर्णिया में हुई बैठक में भी उन्होंने कह दिया है। सभी लोग पॉजिटिव बोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की तरफ से समन किये जाने के सवाल पर कहा कि वो लोग क्या कर रहा है वो ही जाने। यह सब कोई नयी चीज नहीं है। पहले भी समन किया गया था। उनकी समझ से यह कोई खास मुद्दा नहीं है। उन्होंने स्वालिया लहजे में कहा कि वर्ष 2017 में छापेमारी हुई थी उसमें क्या हुआ। अब पांच साल बाद फिर से हो रहा है। उस समय क्यों नहीं हुआ था।
कुमार ने भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी के बयान पर कहा कि मोदी को तो रोज बोलना ही है। वह रोज-रोज नहीं बोलेंगे तो कैसे होगा। वह मेरे खिलाफ भी बोलते रहें। इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है।
इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी एवं भीष्म सहनी, पूर्व विधायक विद्यासागर निषाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डाॅ. एस. सिद्धार्थ, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह पटना प्रमण्डल के आयुक्त कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह, राज्य खाद्य आयोग के पूर्व सदस्य नंदकिशोर कुशवाहा, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद, जदयू नेता ओमप्रकाश सेतु, निषाद नेता छोटे सहनी सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *