गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर में बारिश से लोगों को मिली राहत

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान बड़े पैमाने पर बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और आसपास के इलाकों में रात भर हल्की बारिश हुई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट आई।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होगी या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी।
मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 29 अगस्त को अलग-अलग ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात के साथ दिन के तापमान में गिरावट होने का अनुमान है।
प्रदेश में कई स्थानों पर 30 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं, जबकि 31 अगस्त से एक सितंबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया गया है।
मौसम कार्यालय ने बताया कि दो से तीन सितंबर तक मौसम आमतौर पर बादल छाये रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश/गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, जबकि चार से सात सितंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।
मौसम कार्यालय ने अगले 48 घंटों के दौरान देर रात या सुबह के दौरान जम्मू संभाग के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत तेज बौछारें पड़ने का परामर्श भी जारी किया है।
कश्मीर (दक्षिण कश्मीर) संभाग के अलग-अलग स्थानों पर 29 अगस्त को भी भारी वर्षा होने का अनुमान है।
खराब मौसम के कारण जम्मू-कश्मीर के कुछ संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़/भूस्खलन/ और पत्थर गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
गुलमर्ग को छोड़कर पूरे कश्मीर घाटी में 27 और 28 अगस्त की दरमियानी रात के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *