सागर/छतरपुर : कमलनाथ ने आज कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि प्रदेश की जनता गुलामी का नहीं सच्चाई का साथ देगी।
कमलनाथ ने सागर जिले के राहतगढ़, बंडा और छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां की जनता के जोश से मुझे बल और शक्ति मिलती है, आज सुरखी की पहचान सौदेबाजी से है और याद रखियेगा कि आपको कैसे गुलाम बनाकर रखा है।
केवल 6 दिन का समय बचा है कल के बाद परसों आएगा और इस गुलामी से आप छुटकारा पाएंगे, याद रखिएगा यह चुनाव आपके प्रत्याशी का केवल नही है, किसी पार्टी का नहीं है परंतु यह चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य का है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जब केंद्र में मंत्री थे तो उन्होंने 8 हजार करोड़ का बुंदेलखंड पैकेज दिया था परंतु यहां तो एक कौड़ी भी खर्च नहीं हुई यह भी भ्रष्टाचार का एक माध्यम भाजपा के लिए बन गया।
आज पूरे देश में सबसे भ्रष्ट प्रदेश मध्य प्रदेश है, आप सब या तो भ्रष्टाचार के गवाह हैं या शिकार हैं, यह प्रदेश चौपट प्रदेश बन गया है। यहां स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट, शिक्षा व्यवस्था चौपट, रोजगार व्यवस्था चौपट। आज का युवा केवल रोजगार चाहता है, अपने हाथों को काम चाहता है, कोई ठेका या कमीशन नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि आज नौजवानों का भविष्य सबसे बड़ी चुनौती है। वे आप सबसे कहना चाहते हैं कि जो अधिकार छिंदवाड़ा के युवाओं का उनके ऊपर है, वही अधिकार आप सभी का भी उनके ऊपर होगा। उन्होंने यहां की गुलामी, अत्याचार और भ्रष्टाचार देखा है, आपको पुलिस, प्रशासन और पैसे की भ्रष्ट व्यवस्था का अंत करना है।
कमलनाथ ने कहा कि आखिर कौन सा पाप उन्होंने किया था। 1000 गौशालाएं बनाई, 100 यूनिट बिजली 100 रुपए में दी और अब 100 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे एवं 200 यूनिट तक बिल हाफ करेंगे। हमारी अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है इसलिए 2600 गेंहू का और धान का 2500 रूपए समर्थन मूल्य देंगे, बहनों को 1500 रू. प्रतिमाह देंगे, गैस सिलेंडर 500 का देंगे, बहनों की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। इस चुनाव में आप प्रदेश की तस्वीर को ध्यान में रखकर कांग्रेस पार्टी को जिताइए ताकि आपका भविष्य सुरक्षित हो सके, आप सच्चाई का साथ दीजिएगा।
