नई दिल्ली : पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही में 383 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दिखाया हो एक साल पहले इसी तिमाही की तुलना में 46 प्रतिशत और ठीक पिछली तिमाही की तुलना में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 30 सितंबर 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष 2023-24 की दूसरी और पहली छमाही के लिए समेकित अलेखापरीक्षित वित्तीय रिपोर्ट को सोमवार को मंजूरी दी। कंपनी को पिछले वर्ष सितंबर तिमाही में 263 करोड़ रुपये का और इस वर्ष 30 जून को समाप्त तिमाही में 347 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी के प्रबंध निदेशक और सीईओ गिरीश कौस्गी ने एक बयान में कहा, “इस वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान, हमने कारोबार में वृद्धि, संपत्ति (कर्जों) की गुणवत्ता और लाभप्रदता जैसे प्रमुख व्यावसायिक मापदंडों के आधार पर प्रगति की है। हमारे निरंतर प्रयासों ने हमें एक बड़े कॉर्पोरेट खाते का समाधान निकाला औरऔर पूरी वसूली करने में सफल रहे। इससे सितंबर की तिमाही में हमें अपनी सकल अवरुद्ध सम्पत्तियों (वसूली में फंसे ऋण या जीएनपीए का हिस्सा) का अनुपात 2 प्रतिशत से घटाकर 1.78 प्रतिशत करने में सहायता मिली है।”
गत 30 जून 2023 को यह जीएनपीए 3.76 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि पिछली तीन तिमाहियों से किफायती मकानों के लिए कर्ज के हमारे कारोबार में भी महत्वपूर्ण प्रगति दिखी है। कंपनी का सम्पत्ति पर प्रतिफल (आरओए) वार्षिक आधार पर 2.14 प्रतिशत चल रहा है। विज्ञप्ति के अनुसार 30 सितंबर 2023 को कंपनी की खुदरा ऋण संपत्ति सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़ कर 58,471 करोड़ रुपये रही जो कुल ऋण संपत्ति का 96 प्रतिशत है।
दूसरी तिमाही के अंत में बैंक की कुल ऋण सम्पत्ति 60,852 करोड़ रुपये थी जो साल-दर-साल 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। शुद्ध ब्याज आय सालाना आधार पर दो प्रतिशत और तिमाही दर तिमाही आधार पर पांच प्रतिशत बढ़ कर सितंबर तिमाही में 661 करोड़ रुपये रही। इसी दौरान कंपनी का परिचालन व्यय सालाना आधार पर 24 प्रतिशत और तिमाही दर तिमाही 12 प्रतिशत बढ़कर 168 करोड़ रुपये रहा। दूसरी तिमाही में शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.95 प्रतिशतऔर सकल मार्जिन 4.18 प्रतिशत रही।
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस का सितंबर तिमाही का लाभ बढ़ा
