भागलपुर : बिहार में भागलपुर जिले के नवगछिया स्थित अनुमंडलीय उप कारा के एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि अनुमंडलीय उप कारा में एक हत्या के मामले में सजा काट रहे संतोष कुमार (24) की तबीयत शनिवार की देर रात को अचानक खराब होने पर उपकारा के चिकित्सक ने प्रारंभिक इलाज करने के बाद उसे भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
सूत्रों ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान कैदी की मौत हो गई। मृतक कैदी जिले के बिहपुर क्षेत्र के सोनवर्षा गांव का रहने वाला था। इस बीच मृत कैदी के परिजनों ने इसके लिए उपकारा प्रशासन को दोषी ठहराते हुए इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग राज्य सरकार से की है।
भागलपुर में कैदी की इलाज के दौरान मौत
