पटना : तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज दावा किया कि राजद केवल मुसलमान और यादव की नहीं बल्कि सबकी पार्टी है। यादव ने मंगलवार को “जन विश्वास यात्रा” के पहले दिन मुजफ्फरपुर जिले में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजद केवल मुसलमान और यादव की नहीं बल्कि सबकी पार्टी है। उन्होंने कहा कि जनसभा में मुसलमान, यादव, ऊंची जाति, अति पिछड़ा, दलित समेत समाज के सभी वर्गों के लोग पहुंचे हैं।
राजद नेता ने कहा कि बेरोजगारी लोगों का सबसे बड़ा दुश्मन है और इसे दूर करना होगा। उन्होंने याद दिलाया कि जब उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान 10 लाख नौकरियां देने का वादा किया था तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे सवाल किया था। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने मुझसे पूछा था कि मैं पैसे की व्यवस्था कहां से करूंगा, लेकिन जब मैं उपमुख्यमंत्री बना तो पिछले महागठबंधन सरकार के 17 महीनों के कार्यकाल में पांच लाख सरकारी नौकरियां दी गईं।”
यादव ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब लोग अन्य जगहों पर नौकरियां खो रहे थे तब बिहार में नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा, “जब हम 2020 के विधानसभा चुनाव में किए गए अपने वादों को पूरा कर रहे थे तो नीतीश कुमार ने बिना कोई कारण बताए महागठबंधन से नाता तोड़ लिया। हमें अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए आपके समर्थन की आवश्यकता है।”
राजद नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने लोगों के जनादेश को जूते की तरह माना है, जब भी वे चाहते हैं, उसे रौंद देते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात की गारंटी दे सकते हैं कि नीतीश कुमार फिर से पलटी नहीं मरेंगे।
राजद सभी की पार्टी : तेजस्वी
