छपरा : बिहार में सारण जिले के गड़ृखा थाना क्षेत्र में ट्रक और पुलिस गश्ती वाहन के बीच हुयी टक्कर मे बिहार गृह रक्षा वाहनी (होमगार्ड) के जवान की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि गुरूवार की देर रात गड़खा- छपरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 722 पर अनियंत्रित ट्रक और गड़खा थाना के गश्ती वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गयी।
इस घटना में गश्ती दल में शामिल होमगार्ड जवान तारकेश्वर प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में दो जवान अजय कुमार सिंह और चंदन कुमार मिश्र घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है।
