भभुआ : बिहार के कैमूर जिले में भभुआ थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के निकट एक ट्रैक्टर को पीछे से एक पिकअप वैन के ठोकर मारने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि ट्रैक्टर में पीछे से एक पिकअप ने ठोकर मार दी, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो कर सड़क के किनारे गिर गया। ट्रैक्टर पर सवार मोकरी ग्राम निवासी विनोद गोंड (40) गिरकर पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दो सवार घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि घायलों का इलाज सदर अस्पताल भभुआ में चला रहा है। वे खतरे से बाहर बताए गए हैं। ट्रैक्टर और पिकअप दोनों को जब्त कर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
