जमुई : बिहार में जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह पिकअप वैन और ट्रैक्टर के बीच हुयी टक्कर में एक कांवरिया की मौत हो गयी तथा 25 अन्य घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पिकअप वैन पर सवार लोग बाबाधाम देवघर से पूजा कर नवादा घर लौट रहे थे। इस दौरान सिकंदरा-महादेव सिमरिया मुख्य मार्ग के महादेव सिमरिया के समीप पिकअप वैन और ट्रैक्टर में टक्कर हो गयी।
इस घटना में पिकअप वैन पर सवार एक कांवरिया की मौत हो गयी तथा 25 अन्य घायल हो गये। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिये पटना भेज दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र निवासी रमेश मांझी की पत्नी सोना देवी के रूप में की गयी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।
