भागलपुर : बिहार में भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र में रविवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि नवगछिया थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृत युवकों की पहचान प्रिंस कुमार (24 वर्ष), सुकेश कुमार (20 वर्ष) एवं सूरज कुमार (18 वर्ष) के रुप में हुई है और उनमें से एक प्रिंस कुमार सहरसा जिले के रघुनाथपुर क्षेत्र का निवासी था। जबकि अन्य दो इस जिले के इस्माइलपुर और कदवा क्षेत्र का रहने वाले थे।
सूत्रों ने बताया कि हादसे के समय तीनों मोटरसाइकिल से रविवार को गोपालपुर क्षेत्र के हरनाथपुर गांव से वापस कदवा गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में बाबा विशु राहुत पुल के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये और तीनों की मौत मौके पर ही हो गई। रात्रि गश्ती पर निकले स्थानीय पुलिस ने सड़क पर मृत अवस्था में पड़े तीनों के शवों को तुरंत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। इधर, हादसे के बाद चालक उक्त वाहन को लेकर फरार हो गया। इस सिलसिले में पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मृत युवकों के परिजनों को सूचना भेज दी है।
सड़क हादसा : तीन युवकोंं की मौत
