कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के गोसाबा ब्लॉक के कुमिरमारी में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी समर्थकों के बीच सोमवार रात हुई झड़प में कम से कम छह कार्यकर्ता घायल हो गए।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सुंदरबन की तटीय पुलिस उन कारणों की जांच कर रही है कि सोमवार शाम को प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प क्यों हुई।
चुनाव प्रचार के दौरान अपने विरोधियों को डराने के लिए टीएमसी और भाजपा मतदान से पहले हिंसा के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। दोनों पक्षों ने तटीय थाना में अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के छह घायलों को मामूली चोटों के साथ स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
इस बीच, चुनाव आयोग (ईसीआई) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) को 29 मार्च से सशस्त्र कर्मियों के रूट मार्च के तरीके के बारे में नियमित आधार पर ईसीआई को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल से एक जून, 2024 तक सात चरणों में चुनाव प्रस्तावित है। सूत्रों ने कहा कि हिंसा संबंधी रिपोर्ट की एक प्रति राज्य चुनाव अधिकारियों को भी दी जाएगी।
बंगाल में टीएमसी-भाजपा की झड़प में छह घायल
