पटना : नीतीश कुमार ने आज अधिकारियों को पुलिस में बहाली की प्रक्रिया तेज करने और नवनियुक्तों का बेहतर ढंग से प्रशिक्षण कराने का निर्देश दिया। कुमार ने रविवार को यहां बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 स्थित मिथिलेश स्टेडियम में बिहार पुलिस दिवस 2023 का समारोहिक परेड सह वार्षिक पारितोषिक वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि पुलिस में तेजी से बहाली हो और उनका बेहतर ढंग से प्रशिक्षण हो।
प्रशिक्षण में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा, “आप सभी पुलिस वाले बेहतर ढंग से काम करते रहें। हम आपका तनख्वाह बढ़ाते रहेंगे। कोई भी गड़बड़ करता हो तो उसे छोड़ें नहीं। अपराध करने वालों से सख्ती से निपटे। एक एक चीज पर नजर रखें। जनता से आपकी काफी उम्मीदें हैं, उसके लिये हमेशा तत्पर रहें।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों को जब से काम करने का मौका मिला पुलिस बल पर विशेष ध्यान दिया गया। समय-समय पर पुलिस बल की गतिविधियों की समीक्षा कर कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर की गयी। समाज में कुछ गड़बड़ करनेवाले मानसिकता के लोग भी होते हैं, उन पर नजर रखनी है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो हर वर्ष देश भर के प्रान्तों की आपराधिक घटनाओं से जुड़ी रिपोर्ट प्रकाशित करता है। वर्ष 2021 में ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक आपराधिक घटनाओं के मामले में बिहार 25वें स्थान पर है।
कुमार ने कहा कि जब से काम करने का मौका मिला है। पुलिस में सुधार के लिये कई काम किये गये हैं। वर्ष 2007 में सभी थानों के काम को अनुसंधान और कानून व्यवस्था के रूप में दो भागों में बांटने के लिए हमलोगों ने कानून बनाया। पुलिस बल की संख्या में बढ़ोत्तरी की गयी। अब हर थाना के काम को दो भागों में विभक्त कर दिया गया है एक अनुसंधान और दूसरा कानून व्यवस्था। ससमय कांड का अनुसंधान होना चाहिए, इस पर विशेष नजर रखें।
