किंबरली : सुपुन वाडुगे की नाबाद 56 रनों की अर्धशतकीय पारी के बाद रुविशन परेरा के पांच ओवर में तीन रन देकर तीन विकेट और विश्व लाहिरू के तीन विकेटों की बदौलत श्रीलंका ने बुधवार को यहां खेले गये अंडर-19 विश्वकप के मुकाबले में नामीबिया को 56 रन पर ढ़ेर कर 77 रन से जीत दर्ज की।
जीत के लिए 134 के स्कोर का पीछा करने उतरी नामीबिया की पारी श्रीलंकाई गेंदबाजी प्रदर्शन के आगे शुरु से ही लड़खड़ाई और उसके विकेट लगातार गिरते चले गये। नामीबिया की ओर से पीटर-डैनियल ब्लिग्नौ ने सर्वाधिक नाबाद 18 रन बनाये। हैनरो बैडेनहॉर्स्ट 11 रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके और पूरी टीम 27 ओवर में 56 रन पर ढ़ेर हो गई।
श्रीलंका की ओर से रुविशन परेरा और विश्व लाहिरू ने तीन-तीन लिये। दिनुरा कालूपहाना को दो विकेट मिले। गरुका संकेत ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर नामीबिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही है और उसने 29 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। हालांकि इस दौरान सुपुन वाडुगे एक छोर थामे खड़े रहे। उन्होंने नाबाद सर्वाधिक 56 रन बनाये।
रुसांडा गैमगे ने 17 रन, शरुजन शन्मुगनाथन ने 13 रन और कप्तान सिनेथ जयवर्धने 10 रन बनाकर आउट हुये। सात बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके और पूरी टीम 37.5 ओवर में 133 रन सिमट गई। नामीबिया की ओर से ज़ाचेओ वान वुरेन ने चार विकेट लिये। जोहान्स डिविलियर्स को तीन विकेट मिले। जैक ब्रासेल और पीटर-डैनियल ब्लिग्नौ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
