पटना : रंगकर्मी प्रवीण की याद में राजधानी पटना में चल रहे नाट्य उत्सव के दूसरे दिन रविवार को भारतेंदु हरिश्चंद्र रचित एवं सुरेश कुमार हज्जू निर्देशित ‘अंधेर नगरी’ नाटक की नुक्कड़ प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के आयोजक व वरिष्ठ रंगकर्मी विज्येंद्र टांक ने रविवार को बताया कि प्रेमचंद रंगशाला में 18वां रंगकर्मी प्रवीण स्मृति नाट्य उत्सव में दूसरे दिन हज्जू म्यूजिकल थिएटर की ओर से चर्चित रंगकर्मी सुरेश कुमार हज्जू के निर्देशन में अंधेर नगरी नाटक की नुक्कड़ प्रस्तुति दी गयी।
अंधेर नगरी आधुनिक नाटक के सूत्रधार भारतेंदु हरिश्चंद्र की कृति है। इस नाटक के माध्यम से नाटककार ने तत्कालीन भारत में व्याप्त अंग्रेज सरकार के अनीतिपूर्ण शासन पर कटाक्ष किया है। नाटक लेखन के कई वर्ष बीत जाने के बाद आज भी प्रासंगिक लगता है। इस नाटक के पात्रों ने अपने अभिनय से सबको प्रभावित किया। जिसमें सरल भाषा व इसके व्यंग ने समां बांध दिया।
श्री टांक ने बताया कि रंगकर्मी प्रवीण स्मृति समारोह के तीसरे दिन संध्या शाम 4:30 से नुक्कड़ नाटकों की कड़ी में खेल के आगे सब फेल की प्रस्तुति किलकारी बाल भवन की ओर से अभिषेक राज ड्रामेबाज के निर्देशन में दी जाएगी। वहीं, प्रेमचंद रंगशाला के मुख्य मंच पर संध्या छह बजे से प्रवीण सांस्कृतिक मंच की ओर से जयशंकर प्रसाद की प्रसिद्ध कहानी गुंडा, जिसका नाट्य रूपांतरण अभिजीत चक्रवर्ती ने किया है की प्रस्तुति दी जाएगी।
