दरभंगा : बिहार के दरभंगा शहर में शुक्रवार की सुबह रेल पटरी पर एक छात्र का शव बरामद किया गया है। दरभंगा राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के थानाध्यक्ष रामजी उपाध्याय ने यहां बताया कि समस्तीपुर रेल मंडल के दरभंगा-समस्तीपुर रेल खंड में 27 नंबर दोनार रेलवे गुमटी के समीप एक शव बरामद किया गया है। शव की पहचान जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर मुहल्ला निवासी सुनील राम के पुत्र सुमित (14) के रूप में की गयी है। मृतक का मोबाइल शव के बगल में ही पड़ा था जबकि मोबाइल से सिम कार्ड गायब है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सुमित 10वीं कक्षा में पढ़ता था। वह कल रात को वह खाना खाकर घर से घूमने के लिए निकला था। जब सुमित देर रात तक घर नही लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (डीएमसीएच)भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
रेल पटरी पर छात्र का शव बरामद
