गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुशील मोदी मेरे खिलाफ बोलेंगे तभी उनको फायदा होगा

गया : नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी की लगातार जारी बयानबाजी को लेकर कटाक्ष करते हुए आज कहा कि वह मेरे खिलाफ बोलेंगे तभी उनको फायदा होगा।
कुमार ने शनिवार को ‘समाधान यात्रा’ के क्रम में गया जिले के बांके बाजार प्रखंड के बेला ग्राम में चल रही सरकार की विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के सवाल पर कहा कि इन सब बातों को छोड़ दीजिए। वे मेरे खिलाफ बोलेंगे तभी उनको फायदा होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इस इलाके में कुछ नहीं हो रहा था और आज इस इलाके का कितना विकास हो रहा है। किस प्रकार लोग खेती कर रहे हैं। खेती से हाने वाली आमदनी को भी लोग बता रहे हैं। इसे देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है। इन पहाड़ी इलाकों में पानी को लेकर परेशानी होती है, इसलिए पहाड़ी इलाके में पानी स्टोरेज की व्यवस्था करनी है। पानी का भंडारण करने से किसी साल वर्षापात नहीं हुआ तब भी इसका लाभ लोगों को मिलेगा। सरकार ने वर्ष 2019 में जो जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू किया है उसका एक पार्ट वर्षापात से प्राप्त जल का संरक्षण करना भी है। यहां पर लोगों ने अपने-अपने ढंग से इसे शुरू किया है।
कुमार ने कहा कि लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग काम कर रहा है। इस इलाके में भी खास-खास जगहों पर वर्षापात के पानी के भंडारण के लिए काम किया जा रहा है। हमने भी इसको लेकर कई जगहों को चिन्ह्ति करा दिया है। ये सब काम पूरा हो जाने के बाद पानी सब दिन के लिए उपलब्ध रहेगा। इससे इस इलाके का काफी विकास होगा। जिन इलाकों के विकास को लेकर कोई सोचता भी नहीं था, उन सब इलाकों को भी हमलोग विकसित करना चाहते हैं। यह काफी महत्वपूर्ण जगह है। इन इलाकों का और विकास करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां लेमनग्रास की बेहतर खेती हो रही है। लोगों को काफी अच्छी आमदनी भी हो रही है। लेमन ग्रास को हमलोग अन्य इलाकों में भी बढ़ावा देंगे। यहां पर महिला-पुरुष साथ मिलकर विकास का काम कर रहे हैं। हमने वर्ष 2006 में ही एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में लेमन ग्रास लगवाया था। हमने अधिकारियों को कहा है कि जो काम यहां पर किया जा रहा है उसे दूसरी जगहों पर भी करवाईये। वर्षापात के समय पानी का भंडारण कर लेने से उसका फायदा आगे मिलेगा। खेती के लिए पानी हर समय उपलब्ध रहेगा। लेमन ग्रास को और भी ज्यादा बढ़ावा देना है। किसानों को सहायता देने को लेकर सरकार काम कर रही है।
कुमार ने कहा कि इस बार की यात्रा का मकसद यही है कि जो काम पहले हुआ है, हो रहा है या फिर जो बचा है उसे देखना और समझना। नल का जल हर घर में उपलब्ध हो गया है। घर का पानी निकालने के लिए पक्की गली और नाली का भी निर्माण कराया गया है। गांव में सोलर लाईट भी लगा दी गई है। हमलोग एक-एक लोगों से बात कर उनकी स्थिति को जान और समझ रहे हैं। जीविका दीदियों ने काफी काम किया है। यह सब देखकर मुझे काफी अच्छा लग रहा है। जिस तरह से यहां पर काम हुआ है उसी तरह सभी जगहों पर काम करने का हमलोगों का संकल्प है। सरकार कई प्रकार की योजनाएं चला रही है। जो भी कमी सामने आ रही है उसे जल्द से जल्द पूरा करना है। किसी चीज को बना कर छोड़ना नहीं बल्कि उसे मेंटेन रखना है ताकि वह सब दिन के लिए सुरक्षित रहे। चाहे हर घर गली-नाली हो या फिर हर घर नल का जल, सभी को मेंटेन रखना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में सौर ऊर्जा वाली स्ट्रीट लाईट लगायी जा रही है ताकि लोगों को रातभर रौशनी मिले। सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाईट लगायी जा रही है। जिसको भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उन सबका चयन करके राज्य सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। यहां भी सात महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। आवास उपलब्ध कराये जाने के साथ लाभुकों को आने-जाने का रास्ता भी उपलब्ध कराया जायेगा ताकि उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो। आवास के साथ ही उन्हें सभी चीजों की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। पहले इन इलाकों में कुछ भी नहीं होता था अब लेमन ग्रास से काफी लाभ हो रहा है। इसको बाजार के साथ जोड़ा जा रहा है। किसान अगर किसी चीज का उत्पादन करते हैं तो उसकी बिक्री की भी सुविधा होनी चाहिए। किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो इसको लेकर सरकार काम कर रही है।
इस अवसर पर वित्त, वाणिज्य-कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सूचना एवं जन-संपर्क सह जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा एवं अफाक आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव सह गया जिले के प्रभारी सचिव बी. राजेंदर, समाज कल्याण विभाग के सचिव प्रेम सिंह मीणा, कृषि विभाग के सचिव एन. सरवन कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक छत्रनील सिंह, गया के जिलाधिकारी त्यागराजन एस. एम., वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *