गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उपद्रवियों पर करें सख्त कार्रवाई

पटना : नीतीश कुमार ने बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई घटना को लेकर अधिकारियों को उपद्रवियों की पहचान कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आज निर्देश दिया। कुमार ने रविवार को यहां एक, अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में बिहारशरीफ और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई घटना को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे, पूरी मुस्तैदी बनाए रखें। सभी चीजों पर लगातार नजर बनाए रखें। उपद्रवियों की पहचान कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करें। किसी भी परिस्थिति में कोई गड़बड़ी नहीं कर पाए इस पर नजर रखें। विधि-व्यवस्था पूरी तरह से मेंटेन रखें। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखें।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आमिर सुबहानी और पुलिस महानिदेशक आर. एस. भट्ठी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अविलंब वार्ता कर पूरी जानकारी लें। उन्होंने कहा कि प्रेस वार्ता कर मीडिया को वस्तुस्थिति की जानकारी दें ताकि कोई अफवाह नहीं फैले और लोग भ्रमित न हों।
श्री कुमार ने पटना प्रमंडल के आयुक्त, शाहाबाद रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक, रोहतास तथा नालंदा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने रामनवमी जुलूस के दौरान बिहारशरीफ में हुई घटना में मृत व्यक्ति के पिता एवं भाई से दूरभाष पर बात कर अपनी संवेदना व्यक्ति की और घटना की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मृत व्यक्ति के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर. एस. भट्ठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ तथा अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *