पटना : बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने आज केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर परोक्ष रूप से प्रहार किया और कहा कि इतिहास बदलने वालों से देश को बचाना है। कुमार ने रविवार को यहां जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जदयू के प्रभारी पदाधिकारियों की दो दिवसीय संसद के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग इतिहास को बदलना चाहते हैं, ऐसे लोगों से देश को बचाना है। इन लोगों ने हर चीज पर कब्जा कर लिया है। सब कुछ एकतरफा हो रहा है। ये लोग काम नहीं कर रहे, केवल प्रचार करते हैं। नया कौन-सा काम हो रहा है। सच्चाई तो यह है कि इन लोगों ने वर्ष 1998 से 2004 के बीच के काम को भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा मांगा लेकिन नहीं मिला। गरीबी के बावजूद हमलोगों ने विकास का सारा काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में धार्मिक उन्माद को हमलोगों ने न के बराबर कर दिया लेकिन कुछ लोग अब फिर से उसे कराने की कोशिश में हैं। हमलोग जाति गणना के पक्ष में हैं, लेकिन कुछ लोग चाहते हैं कि ये न हो। जब भी अच्छा काम करिएगा, कहीं ना कहीं से आपको रोकने की कोशिश होगी, लेकिन हमलोगों को अपना काम करना है। उन्होंने कहा कि जदयू अकेली पार्टी है जिसमें सभी जाति और धर्म के लोग हैं। अपने काम को लेकर एक-एक घर जाइए। सबसे बात करिए और सुझाव लीजिए। कुमार ने आगे कहा कि हमलोगों ने जब महागठबंधन बनाया तो देश की बहुत सारी राजनीतिक पार्टियों ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमलोग विपक्षी एकता के काम को आगे बढ़ा रहे हैं। जल्द ही इसका सार्थक परिणाम निकलेगा।
इतिहास बदलने वालों से देश को बचाना है
