गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ट्रांसफार्मर विस्फोट मामले में तीसरी मौत

पटना : बिहार में पटना व्यवहार न्यायालय में हुए ट्रांसफर्मर विस्फोट हादसे में गंभीर रूप से घायल एक और वकील की इलाज के दौरान मौत होने के बाद इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर आज तीन हो गई। ट्रांसफार्मर में हुये विस्फोट और उसके खौलते तेल से लगी भीषण आग में बुरी तरह झुलसे व्यवहार न्यायालय के वरीय अधिवक्ता हरि नारायण गुप्ता का आज इलाज के दौरान यहां के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। स्वर्गीय गुप्ता के निधन के साथ ही इस हादसे मे मरने वालों की संख्या तीन पहुंच गई ।
गौरतलब है कि 13 मार्च 2024 को पटना व्यवहार न्यायालय के गेट नंबर एक के पास स्थित ट्रांसफार्मर में हुए भीषण विस्फोट में सड़क किनारे टेबल-कुर्सी लगाकर काम कर रहे कई वकील और मुंशी आग में झुलसकर घायल हो गए थे जबकि एक वकील देवेंद्र प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल एक वकील और दो मुंशी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में दूसरे दिन एक मुंशी की मौत हो गई थी और आज वकील श्री गुप्ता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक अन्य मुंशी जितेंद्र प्रसाद अस्पताल में इलाजरत है ।
पटना व्यवहार न्यायालय स्थित जिला अधिवक्ता संघ के पुराने भवन को तोड़कर नए बहुमंजिले भवन का निर्माण कराया जा रहा है । पुराने भवन के टूटने के बाद वकील सड़क, फुटपाथ एवं ढके हुए नाले पर बैठकर काम निपटा रहे हैं। अपने साथी की मौत की सूचना के बाद जिला अधिवक्ता संघ पटना के वकीलों ने आज सुबह 10:30 बजे एक श्रद्धांजलि सभा की और अपने साथी स्वर्गीय गुप्ता को श्रद्धांजलि देने के बाद अपने आप को आज दिन भर के लिए न्यायिक कार्यों से अलग रखने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *