श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के एक निवासी सहित तीन मादक पदार्थ (ड्रग्स) तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किए। पुलिस ने बताया कि कनीसपोरा चौक बारामूला स्थित जांच चौकी पर उन्होंने एक व्यक्ति को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार किये गये आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी शेख हशमत के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कनीसपोरा में रहता है।
इसी तरह, हरदु शूरा कुंजर स्थित चौकी पर पुलिस टीम ने दो व्यक्तियों को रोका, जिनकी पहचान चुकार पट्टन के नजीर अहमद मीर और रत्नीपोरा तंगमर्ग के रियाज अहमद मीर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 105 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया ,जहां दोनों हिरासत में हैं। गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ बारामूला और कुन्ज़र थानों में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
कश्मीर में मादक पदार्थ के तीन तस्कर गिरफ्तार
