शेखपुरा : बिहार में शेखपुरा जिले की अरियरी थाना पुलिस ने छापेमारी कर कई मामलों में लंबे से फरार चल रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि सूचना मिली थी की कई मामलों में वांछित और लंबे समय से फरार चल रहा अपराधी संदीप कुमार उर्फ बौना और सोनू कुमार इसी थाना क्षेत्र के धनकौल गांव स्थित अपने घर आया हुआ है। सत्यापन में सूचना सही पाए जाने के बाद अरियरी थाना की पुलिस ने बुधवार देर रात घेराबंदी कर छापेमारी की। सूत्रों ने बताया कि छापेमारी में दोनों अपराधियों को घर में दबोच लिया गया। इस कार्रवाई में गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक लोडेड मैगजीन, एक तलवार और एक बाइक बरामद की गई है। गिरफ्तार अपराधियों को आज जेल भेज दिया गया।
