समस्तीपुर : बिहार में समस्तीपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शनिवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से दो लाख रूपये लूट लिये। पुलिस सूत्रों ने यहां बताय कि जिले के कर्पूरी गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में छह हथियार बंद अपराधियों ने धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर बैंक के कर्मचारी और ग्राहकों को कब्जे में ले लिया और दो लाख रूपये लूटकर फरार हो गये।
लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने होमगार्ड जवान नंदलाल राय एवं एक बैंककर्मी को पिस्तौल की बट से सर पर मारकर घायल कर दिया।बैंक लुटेरों ने एक महिला ग्राहक का सोने का चैन भी लूट लिया। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
