गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उत्तराखंड: जगंल की आग बुझाने गये चार कर्मी जिंदा जले, चार झुलसे

नैनीताल : उत्तराखंड के अल्मोड़ा स्थित बिनसर वन्य जीव अभ्यारण्य में गुरुवार को भड़की भीषण वनाग्नि में चार लोग जिंदा जल गये जबकि चार गंभीर रूप से झुलस गये हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विनसर वन्य जीव अभ्यारण्य में आज दोहपर में भीषण आग भड़क गयी। वन विभाग को वनाग्नि की सूचना मिली तो मौके पर वनकर्मियों की एक टीम को रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि टीम में चालक समेत आठ लोग शामिल थे। पता चला है कि जब ये लोग आग बुझाने लगे तो आग ने भयावह रूप ले लिया और चार लोग आग में जिंदा जल गये। उनकी मौके पर ही मौत हो गयी जबकि शेष चार अन्य झुलस गये।
मृतकों में वन बीट अधिकारी त्रिलोक सिंह मेहता, दीवान राम दैनिक वेतन कर्मी, करन आर्य फायर वाचर और पूरन सिंह पीआरडी जवान शामिल हैं जबकि फायर वाचर कृष्ण कुमार, कुंदन सिंह नेगी पीआरडी जवान, भगवंत सिंह भाज वाहन चालक और कैलाश भट्ट दैनिक श्रमिक झुलस गये। इस घटना की खबर मिलते ही वन महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल मौके पर उच्चाधिकारी और पुलिस के जवान पहुंचे और घायलों को अल्मोड़ा अस्पताल लाया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और घटना में झुलसे वन कर्मियों को तत्काल एयर लिफ्ट कर हल्द्वानी अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिये हैं। दूसरी ओर वन विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये सहायता राशि के रूप में देने की घोषणा की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *