गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विजिलेंस ने राजस्व निरीक्षक को 15000 रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा

देहरादून : उत्तराखंड पुलिस के सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने शनिवार को पौड़ी जनपद के एक राजस्व निरीक्षक को एक व्यक्ति से 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने यहां आज बताया कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को एक लिखित शिकायत दी। जिसके अनुसार, उसके पैतृक गांव नौगांव पट्टी क्षेत्र, अगरोड़ा, जनपद पौड़ी गढवाल के भूमि खाता संख्या-20 के खातेदारों में अपने पिता के नाम दर्ज भूमि के सीमांकन और उसकी आख्या बनाने के एवज में, उपरोक्त राज्य निरीक्षक कैलाश रवि रिश्वत मांग रहा है। उन्होंने बताया कि इस शिकायत की पुष्टि के बाद, आज ट्रेप टीम ने संबंधित राजस्व निरीक्षक कैलाश रवि को शिकायतकर्ता से 15000 रुपये (पन्द्रह हजार रूपये) रिश्वत लेते हुए, ग्राम पेण्डुल, जनपद पौड़ी गढवाल से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी उपरान्त विजिलेंस टीम द्वारा अभियुक्त के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में पूछताछ जारी है।
श्री गुंज्याल ने बताया कि निदेशक, विजिलेंस, डॉ० वी० मुरूगेसन द्वारा ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी है। उन्होंने आम जनता का आह्वान किया कि यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी, अपने पदीय कार्य के सम्पादन में किसी प्रकार का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है तथा उसके द्वारा आय से अधिक अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस सम्बन्ध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर-1064 एवं व्हाट्सएप हैल्पलाईन नम्बर 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *