पटना : नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार में जल्द चुनाव होने के वक्तव्य पर पलटवार करते हुए आज कहा कि वह हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। कुमार ने सोमवार को यहां मॉरीशस के राष्ट्रपिता स्व. सर शिवसागर रामगुलाम की जयंती के अवसर पर आयोजित राजकीय कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री शाह के वक्तव्य कि बिहार में चुनाव जल्द होगा से संबंधित सवाल के जवाब में कहा, “वे लोग तो पूरे देश में जल्द चुनाव कराना चाहते हैं।
जितना जल्दी चुनाव करा दें उतना अच्छा है, हमलोग तो इंतजार कर रहे हैं। हमलोग हर समय चुनाव के लिए तैयार हैं। केंद्र सरकार को अधिकार है कि संसद का चुनाव पहले भी करा सकती है।” चुनाव आयोग में नियुक्ति को लेकर जो विधेयक आ रहा है उसमें मुख्य न्यायाधीश को हटाने की बात हो रही है और केंद्र का एक मंत्री रहेगा, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सारी बात आएगी तो उसमें हर कोई अपनी बात रखेगा। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
