गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हमलोग वोट के लिए काम नहीं करते

पटना : नीतीश कुमार ने आज कहा कि वह वोट के लिए नहीं बल्कि सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम करते हैं। कुमार ने सोमवार को यहां मिलर हाई स्कूल में आयोजित महाराणा प्रताप स्मृति समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “हमलोग सभी वर्गों के लिए काम करते हैं। वोट के लिए काम नहीं करते हैं।” उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के संपर्क में आने की अटकलों पर कहा कि राजनीति में जिनको जिनका समर्थन करना है, वे स्वतंत्र हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई कार्य किए गए हैं। जीविका दीदियां आर्थिक स्वावलंबन की ओर बढ़ रही हैं। अपने परिवार के साथ-साथ समाज की बेहतरी के लिए कार्य कर रही हैं। लड़कियों को शिक्षित करने के लिए उनकी सरकार लगातार काम कर रही है। वर्ष 2005 में जब सरकार में आए थे तो राज्य की प्रजनन दर 4.3 थी। एक सर्वे से पता चला कि पति-पत्नी में अगर पत्नी मैट्रिक पास है तो देश की प्रजनन दर दो है और बिहार की भी दो है। पति-पत्नी में अगर पत्नी इंटर पास है तो देश की प्रजनन दर 1.7 और बिहार की 1.6 है। लड़कियों के शिक्षित होने से प्रजनन दर कम होगी। अब राज्य की प्रजनन दर 2.9 पर आ गयी है और यह दो पर आ जाएगी।
कुमार ने कहा कि पुलिस बहाली में महिलाओं को 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया है। बिहार में जितनी पुलिस में महिलाएं हैं उतनी दूसरे राज्यों में नहीं हैं। राज्य की सभी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया है। इंजीनियरिंग तथा मेडिकल संस्थानों में नामांकन में लड़कियों को एक तिहाई आरक्षण दिया गया है। वर्ष 2006 में पंचायती राज संस्थाओं तथा वर्ष 2007 में नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *