छपरा : बिहार में सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के सरगट्टी गांव में एक महिला ने अपने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि सरगट्टी गांव निवासी अभय कुमार सिंह का पूरा परिवार गुरूवार की रात को खाना खाने के बाद अपने – अपने कमरे में सोने चला गया। अभय कुमार सिंह की 30 वर्षीय पत्नी अंजना भी अपने कमरे में सोने चली गई।
आज सुबह में बहुत देर तक जब अंजना के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा और उसे फंदे पर लटका पाया। सूत्रों ने बताया कि परिजनों ने मामले की सूचना गड़खा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
