छपरा : बिहार में सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि विशुनपुरा गांव निवासी स्व. भोला पांडेय की पत्नी शिवपति देवी (65) सोमवार की रात अपने घर के मुख्य दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन लोग वहां पहुंचे। इसके बाद उन लोगों ने महिला को गोली मारकर घायल कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतका के बड़े पुत्र ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि उनके छोटे भाई के पुत्र द्वारा उनकी मां से दो लाख रुपए की मांग की गई थी,जिसे नहीं देने पर उनके छोटे भाई के पुत्र ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम कराये जाने के बाद शव आज परिजनों को सौंप दिया गया है।
महिला की गोली मारकर हत्या
