छपरा। बिहार के सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को यहां बताया कि कटहरी बाग मुहल्ला निवासी अमित कुमार की पत्नी ज्योति देवी (30) को बुधवार की देर रात को उसके ससुराल वाले सदर अस्पताल छपरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना जब-तक पुलिस को मिलती उसके पूर्व ही मृतका के शव को लेकर उसके ससुराल वाले फरार हो गये। सूत्रों ने बताया कि मृतका के परिजनों ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि दहेज तथा ससुर से अवैध संबंध बनाने के लिए ज्योति देवी पर दबाव बनाया जा रहा था। जिसके कारण ज्योति देवी अपने मायके चली आई थी। दीपावली के दिन मृतका का पति पंचायत कराने के बाद पत्नी को अपने साथ लेकर गया था। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है।पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद आज शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
