छपरा : बिहार में सारण जिले के अवतारनगर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव मंगला ने बुधवार को यहां बताया कि 18 मार्च को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि मदनपुर बिंद टोली गांव निवासी सुरेश महतो अपने घर से अवैध देशी शराब का कारोबार कर रहा है।इस सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके घर से 20 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी को घायल कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने उक्त घर में छापामारी कर बुली कुमारी,मानती देवी,लगनी देवी, बबीता देवी, माधुरी देवी, शांति देवी को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया है।
