गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है

पटना : लालू प्रसाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर एक बार फिर हमला बोला और कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है इसलिए वह बौखलाई हुई है। यादव ने गुरूवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 136वीं जयंती समारोह का उद्घाटन करने के बाद संबोधन में अपने चिर-परिचित अंदाज में भाजपा पर हमला बोला और दावा किया कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है इसलिए वह बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि 15-15 लाख रुपये का झांसा देकर सबका एकाउन्ट बैंक में खोलवा दिया उसके बाद पैसा गायब। यह झूठों की सरकार है और इसको भगाना ही होगा।
राजद अध्यक्ष ने ऐतिहासिक गांधी मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली करने का एलान करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन का सभी जगह स्वागत हो रहा है। उनसे पूछा जाता है कि गठबंधन का नेता कौन होगा तो वह उनलोगों से एक बार फिर कहना चाहते हैं कि नेता हमलोग चुन लेंगे, इसमें कहीं कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में हमलोग ‘भाजपा हटाओ देश बचाओ’ रैली करने वाले हैं। यहां से देश भर में हवा फैलेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
यादव ने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है। सांप्रदायिक शक्तियां मजबूती के साथ खड़ी हैं लेकिन वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा इसलिए ये लोग छटपटा रहे हैं, छापेमारी करवाते रहते हैं। इनके पास केस-मुकदमा के अलावा कोई काम नहीं रह गया है लेकिन इन सबसे कुछ मिलने वाला नहीं है।
राजद अध्यक्ष ने दावा किया कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में जाति आधारित गणना की रिपोर्ट जारी होने के बाद से भाजपा में खलबली मची हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने वादा किया है कि केंद्र की सत्ता में कांग्रेस के लौटने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर जातीय गणना करवाई जाएगी।
इस मौके पर बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव में इतनी ताकत है कि श्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को बिहार के यादव का साथ मिला तो वह भाजपा को सत्ता से भगा देगी। साथ ही यादव की वजह से ही अगले लोकसभा चुनाव में बिहार में भाजपा खाता भी नहीं खोल पाएगी।
सिंह ने बताया, “जब वह पहली बार वर्ष 2000 में विधायक चुन कर आये थे तो लालू यादव ने उन्हें श्रीबाबू की जयन्ती मनाने के लिए प्रेरित किया था। श्रीबाबू आधुनिक बिहार के निर्माता थे जो उद्योग, कृषि, सिंचाई और शिक्षा के क्षेत्र में अपने कृत्य से इतिहास को अभिभूत कर दिया। जब वे मुख्यमंत्री थे तो खुद देवघर के वैद्यनाथ मंदिर में खड़ा होकर दलितों का प्रवेश कराया। इसके अलावा जमींदारी प्रथा का उन्मूलन किया जबकि प्रदेश के ज्यादातर जमींदार उनके स्वजाति थे लेकिन श्रीबाबू को दो पल भी नहीं लगा वंचितों को उनका हक दिलवाने में।”
राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा सरकार की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से की और इसके शासन की बुराइयों पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ईस्ट इंडिया कंपनी की तर्ज पर काम कर रही है। इसके चंगुल से देश को आजाद कराना हमारी प्राथमिकता है। भारत को एक बार फिर आजाद कराने की जरूरत है।
समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर, बिहार के सह प्रभारी अजय कपूर, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता शकील अहमद खान, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, मंत्री मुरारी गौतम समेत कांग्रेस के अन्य नेता एवं हजारों की संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *