गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पेट्रोल एवं डीजल पर वैट की कमी से आमजन को मिलेगा फायदा

जयपुर : भजन लाल शर्मा ने आमजन का कल्याण राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि डबल इंजन सरकार डबल स्पीड से काम कर लोगों को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी क्रम में पेट्रोल एवं डीजल पर वैट में कमी की गई है, जिसका फायदा सभी प्रदेशवासियों को मिलेगा।
श्री शर्मा ने शुक्रवार को राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के द्वारा वैट कम करने पर ओटीएस स्थित मुख्यमंत्री निवास पर उनका आभार जताने के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों में पेट्रोल एवं डीजल की दरों में विसंगति दूर करने के निर्णय से सीमावर्ती जिलों के लोगों तथा पेट्रोल पंप डीलर्स को लाभ मिलेगा। इस मौके एसोसिएशन के सदस्यों ने पेट्रोल और डीजल पर वैट कम करने और “एक राज्य, एक कीमत” को लागू करने को बहुप्रतीक्षित एवं ऐतिहासिक कदम बताया।

सदस्यों ने मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर तथा मुंह मीठा करवाकर उनका स्वागत किया। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह भाटी ने राज्य सरकार के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि वैट दरों में दो प्रतिशत कमी लाने का राज्य सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है। साथ ही अलग-अलग जिलों में दरों की विसंगति दूर होने के बाद राजस्थान अब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां एक राज्य-एक कीमत प्रभावी हो गई है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा पेट्रोल तथा डीजल पर वैट में दो प्रतिशत की कमी की गई है। साथ ही पेट्रोलियम विपणन कम्पनियों द्वारा सेकेण्डरी फ्रेट को युक्तिसंगत किया गया है। इससे प्रदेश में पेट्रोल पर एक रुपए 40 पैसे से लेकर 5 रुपए 30 पैसे प्रति लीटर तथा डीजल पर एक रुपए 34 पैसे से लेकर 4 रुपए 85 पैसे प्रति लीटर तक कमी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *