भागलपुर : बिहार में भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में आज एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के दिलदारपुर गांव में शनिवार को रमेश महतो ने घर में हुए आपसी विवाद की वजह से अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना ग्रामीणों से मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सूत्रों ने बताया कि इधर डाॅग स्क्वाड और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्यों का संकलन किया। प्रारंभिक अनुसंधान और साक्ष्य के बाबत आरोपी पति रमेश महतो और उसकी मां निर्मला देवी को गिरफ्तार किया गया है।
