नयी दिल्ली : केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार गुरूवार को असम के कुछ आदिवासी विद्रोही संगठनों के साथ शांति समझौता करने वाली है। सूत्रों के अनुसार यह त्रिपक्षीय ‘आदिवासी’ समझौता केन्द्र सरकार, विद्रोही संगठनों और केन्द्र सरकार के बीच होगा।
समझौते के समय केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहेंगे। समझौता करने वाले संगठनों में बिरसा कमांडो फोर्स, आदिवासी कोबरा मिलिट्री ऑफ असम, आदिवासी पीपुल्स आर्मी और संथाल टाइगर फोर्स आदि शामिल हैं। इन संगठनों के साथ पहले से ही संघर्ष विराम चल रहा है।
इस सप्ताह के शुरू में असम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया था, “ आदिवासी गुटों के साथ 15 सितम्बर को होने वाले समझौते के बारे में बातचीत की। यह समझौता केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होगा। ” उन्होंने कहा था कि इस समझौते से असम में शांति के नये युग की शुरूआत होगी।
केन्द्र और असम के आदिवासी संगठनों के बीच आज हो सकता है शांति समझौता
