गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

श्रीनगर में झेलम नदी का जल स्तर बढ़ा

श्रीनगर : कश्मीर में मंगलवार सुबह पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद झेलम नदी का जल स्तर बढ़ गया है।
सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आज सुबह लगभग आठ बजे श्रीनगर के राम मुंशी बाग में झेलम का जल स्तर 18 फुट के निशान को छू गया, जो बाढ़ की चेतावनी घोषित करने के लिए निर्धारित स्तर है। पुलवामा जिले के पंपोर में झेलम का जल स्तर भी बाढ़ के निशान को पार कर गया।
उन्होंने बताया कि दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में संगम का जल स्तर कम होना शुरू हो गया है और उम्मीद है कि अगले कुछ घंटों में जल स्तर कम हो जायेगा। पूरी घाटी में स्थिति पर नजर रखने के लिए हाई अलर्ट रखा गया है।
अधिकारियों ने निचले इलाकों और मध्य कश्मीर में नदी और नालों के तटबंधों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रदेश में पिछले तीन दिनों में भारी बारिश के कारण कश्मीर में कई निचली आवासीय बस्तियां जलमग्न हो गयीं। पूरे कश्मीर में खराब मौसम के कारण मंगलवार को स्कूल बंद कर दिये गये हैं। श्रीनगर-जम्मू, श्रीनगर-लेह रोड और कश्मीर को पुंछ से जोड़ने वाली मुगल रोड कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण बंद हैं। सड़कों पर बाढ़ का पानी भर जाने के कारण सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले का रोड भी अवरुद्ध रहा।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को क्षेत्र में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं और बुधवार से मौसम में सुधार होने का अनुमान है। एक से पांच मई तक शुष्क मौसम रहने और कुछ स्थानों पर दोपहर में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *