अप्रैल का महीना अभी आधा ही बीता है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारत के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा और मध्य भारत के कई इलाकों में लू का असर साफ दिख रहा है। वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्यों और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है, जिससे मौसम का मिजाज दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक कई शहरों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। शनिवार को राजनांदगांव और वर्धा में अधिकतम तापमान 45°C दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा में 44.6°C, आदिलाबाद में 44.3°C और नागपुर व अमरावती में 44.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि गर्मी आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकती है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम साफ रहने की संभावना है और फिलहाल किसी बड़े अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में लू का असर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, ऐसे में सावधानी ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।