नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मई 2026 के घरेलू उड़ानों के आंकड़े जारी कर दिए हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई एयरपोर्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समय पर उड़ानें संचालित करने (ऑन-टाइम परफॉर्मेंस) के मामले में देश में टॉप स्थान हासिल किया है। चेन्नई में विभिन्न विमानन कंपनियों की 92.2% घरेलू उड़ानें समय पर संचालित हुईं।
टॉप पर चेन्नई: चेन्नई (92.2%) के बाद कोलकाता (84.7%), हैदराबाद (84.4%), बेंगलुरु (82.3%) और कोच्चि (81.5%) का स्थान रहा।
अहमदाबाद और लखनऊ: दोनों एयरपोर्ट्स का प्रदर्शन 76.7% समयबद्धता के साथ संयुक्त रूप से छठे और सातवें स्थान पर रहा, जबकि गुवाहाटी 75.3% के साथ नौवें स्थान पर रहा।
सबसे खराब प्रदर्शन: देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शुमार दिल्ली और मुंबई का प्रदर्शन इस बार सबसे निराशाजनक रहा। दिल्ली में केवल 72.6% और मुंबई में महज 70.5% उड़ानें ही समय पर संचालित हो पाईं।
इंडिगो टॉप पर: एयरलाइंस के मामले में इंडिगो ने 82.8% की पंचुअलिटी के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद अकासा एयर 78.3% के साथ दूसरे और एयर इंडिया ग्रुप 74.5% के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
स्पाइसजेट फिसड्डी: स्पाइसजेट का प्रदर्शन सबसे खराब दर्ज किया गया, जहां केवल 26.5% उड़ानें ही समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकीं।
मार्केट शेयर: बाजार हिस्सेदारी (मार्केट शेयर) में इंडिगो का दबदबा बरकरार है, जिसकी मई में 64.9% हिस्सेदारी रही। वहीं, एयर इंडिया ग्रुप 25.6% और अकासा 5.8% हिस्सेदारी के साथ आगे रहे।
मई में रिकॉर्ड यात्री: गर्मी की छुट्टियों के चलते मई महीने में घरेलू उड़ानों में जबरदस्त उछाल देखा गया। इस दौरान देश भर में 1.5 करोड़ से अधिक लोगों ने घरेलू उड़ान भरी, जो पिछले साल मई की तुलना में करीब 10% अधिक है (अप्रैल में यह आंकड़ा 1.4 करोड़ से कम था)।
कुल आंकड़ा: जनवरी से मई 2026 के बीच कुल 7.3 करोड़ घरेलू यात्री हवाई सफर कर चुके हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 2% ज्यादा है।