नोएडा: जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-नोएडा सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली से सटे सभी प्रमुख बॉर्डरों पर पुलिस अलर्ट मोड में है और आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
डीएनडी फ्लाईओवर समेत दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और दस्तावेजों की भी जांच की गई। सुरक्षा जांच के कारण कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे नोएडा से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर यातायात धीमा पड़ गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर निकलें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। प्रदर्शन को लेकर राजधानी और उससे सटे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।