डिब्रूगढ़ के डुलियाजान में हुई थी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या, हथियार बरामद कराने ले गई पुलिस पर आरोपियों ने किया हमला; भागने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़
डिब्रूगढ़। असम के डिब्रूगढ़ जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों पर पुलिस ने गोली चलाई। मंगलवार रात करीब 11 बजे बालिजन टी एस्टेट में हुई इस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घटना के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल के पास ले जाया गया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान आरोपियों राजू दास और अमीर दास ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
यह मामला 16 नवंबर 2026 का है। डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई थी।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने उनके घर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो परिवार के तीनों सदस्यों के शव अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ मिले।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू दास और उसके मौसेरे भाई अमीर दास के रूप में हुई है। अमीर पेशे से प्लंबर है, जबकि राजू पिछले करीब सात साल से भुइयां परिवार के घर में किरायेदार और देखभाल करने वाले के रूप में रह रहा था।
जांच के अनुसार, राजू दास पर ऑनलाइन खेलों की वजह से भारी कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने लूटपाट की योजना बनाई थी। पुलिस का आरोप है कि लूटपाट के दौरान विरोध करने पर उसने लोहे की रॉड और हथौड़े से हमला कर परिवार के तीनों सदस्यों की हत्या कर दी।
असम में पुलिस मुठभेड़ की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब इसी महीने एक अन्य मामले में भी पुलिस फायरिंग में आरोपी की मौत हुई थी।
4 नवंबर को शिवसागर जिले में गुवाहाटी होटल गोलीकांड के आरोपी घनकांत गोगोई की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई थी। उस पर 26 अक्टूबर को एक होटल में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था।
पुलिस के मुताबिक, गोगोई को गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने एक उपनिरीक्षक की पिस्तौल छीनने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। इस घटना में उपनिरीक्षक देबाशीष शर्मा के दाहिने पैर में भी चोट आई थी।
फिलहाल डुलियाजान ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।