दीपथून विवाद में तमिलनाडु सरकार की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

तिरुप्परनकुंद्रम का दीपथून विवाद अब धार्मिक परंपराओं, प्रशासनिक फैसलों और न्यायिक आदेशों के पालन के बीच महत्वपूर्ण कानूनी सवाल खड़े कर रहा है। तमिलनाडु सरकार के खिलाफ प्रस्तावित अवमानना याचिका दाखिल होने के बाद यह...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 25, 2026 11:56 am IST, Published 18 minutes ago

नई दिल्ली: तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम स्थित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में तमिलनाडु सरकार के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल करने की तैयारी है। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में मामले का उल्लेख करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जानबूझकर अदालत के आदेश का पालन नहीं किया और निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाया। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पहले अवमानना याचिका दाखिल कीजिए, उसके बाद मामले को देखकर उचित निर्णय लिया जाएगा।
तिरुप्परनकुंद्रम में दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने का मुद्दा धार्मिक परंपरा और न्यायिक आदेश के पालन से जुड़ा हुआ है। बुधवार को सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु ने अदालत के सामने राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद दीपथून पर दीप प्रज्वलित नहीं किया गया। उनके मुताबिक, राज्य सरकार ने जानबूझकर आदेश को लागू नहीं किया और इस तरह न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना की गई।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने पीठ को बताया कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी थी। उन्होंने अदालत को जानकारी दी कि तमाम परिस्थितियों के बावजूद दीपथून पर दीप नहीं जलाया जा सका।  दलील दी कि राज्य सरकार ने मद्रास हाईकोर्ट के समक्ष यह पक्ष रखा था कि इलाके में निषेधाज्ञा लागू है और वहां की परंपराएं दीप जलाने की अनुमति नहीं देती हैं। उन्होंने इस दलील पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं करने का प्रयास था। उनका कहना था कि दीपक की लौ को निर्धारित स्थान तक ले जाकर दीपथून पर स्थापित किया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

वरिष्ठ अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार आखिरी समय तक हाईकोर्ट को आदेश का पालन करने का भरोसा देती रही। इसके बावजूद मौके पर दीप प्रज्वलित नहीं किया गया। उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया जाए और तमिलनाडु सरकार के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की जाए।  वह राज्य सरकार के खिलाफ अलग से अवमानना याचिका दाखिल करेंगे। इस पर पीठ की ओर से जस्टिस कुमार ने कहा कि पहले याचिका दाखिल की जाए, उसके बाद अदालत इस मामले पर विचार करेगी। सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिक गई हैं।

कानूनी दृष्टि से अवमानना का मामला इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें यह जांच की जाएगी कि क्या संबंधित पक्ष ने अदालत के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन किया है। केवल आदेश का पालन नहीं होने का आरोप लगना अपने आप में अवमानना साबित नहीं करता। इसके लिए याचिकाकर्ता को अदालत के सामने संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों को प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद न्यायालय दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर आगे का फैसला कर सकता है। तिरुप्परनकुंद्रम का दीपथून विवाद अब धार्मिक परंपराओं, प्रशासनिक फैसलों और न्यायिक आदेशों के पालन के बीच महत्वपूर्ण कानूनी सवाल खड़े कर रहा है। तमिलनाडु सरकार के खिलाफ प्रस्तावित अवमानना याचिका दाखिल होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अदालत इस पूरे घटनाक्रम को किस नजरिए से देखती है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने याचिका दाखिल करने को कहा है और आगे की सुनवाई में मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

तमिलनाडु के मदुरै में स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पहाड़ी के नीचे भगवान सुब्रमण्यम स्वामी का प्रसिद्ध मंदिर है, जबकि ऊपरी हिस्से में हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया की दरगाह स्थित है। पहाड़ी पर दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक पत्थर का स्तंभ है, जिसे दीपथून कहा जाता है। हिंदू श्रद्धालुओं और कुछ संगठनों की मांग है कि कार्तिगई दीपम के अवसर पर इस पत्थर के स्तंभ पर भी पारंपरिक दीपक जलाया जाए। वहीं राज्य सरकार और दरगाह से जुड़े पक्षों ने इस स्थान पर दीप जलाने की परंपरा और अधिकार को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दीप जलाने की पारंपरिक जगह उचिपिल्लैयार मंदिर के पास है, न कि विवादित स्तंभ पर।

दिसंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट की एकल पीठ ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी, 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को एक बार के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी। इसके लिए सीमित और अधिकृत टीम तय की गई थी। 24 नवंबर को तमिलनाडु प्रशासन ने विवादित दीपथून पर दीप नहीं जलाया। दीपक परंपरागत स्थान उचिपिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया गया। इसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाया।

Advertisement