नई दिल्ली। देश की संसदीय राजनीति में बड़ा बदलाव होने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। प्रस्ताव के अनुसार, वर्तमान में लोकसभा की 543 सीटें हैं, जिन्हें बढ़ाकर 815 या उससे अधिक किया जा सकता है।
इस फैसले के लागू होने पर संसद और राज्यों की विधानसभाओं में जनप्रतिनिधियों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। सरकार की योजना बढ़ाई जाने वाली सीटों को अगले 25 वर्षों तक स्थिर रखने की है। इस प्रस्ताव को संसद के विशेष सत्र में पेश कर पारित कराने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। प्रस्ताव के तहत राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि की जाएगी। इसके बाद राज्यों के हिस्से में लोकसभा की सीटें बढ़कर 815 तक पहुंच सकती हैं। केंद्र शासित प्रदेशों के लिए अधिकतम 35 सीटों का प्रावधान भी प्रस्तावित है। इस तरह लोकसभा की कुल सदस्य संख्या 850 तक हो सकती है।
हालांकि, अलग-अलग राज्यों में सीटों की गणना और आधी सीट के मामले में पूर्णांक तय होने के कारण कुछ आंकड़ों में अंतर हो सकता है। अंतिम संख्या परिसीमन प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।
इस प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात वर्ष 2051 तक बनाए रखने की योजना है। यानी किसी राज्य की सीटों की हिस्सेदारी दूसरे राज्य की तुलना में कम नहीं होगी। इसके लिए 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित राज्यों के प्रतिनिधित्व अनुपात को आगे भी सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है।
वहीं, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण परिसीमन आयोग के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए नवीनतम उपलब्ध जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने का प्रावधान प्रस्तावित है।
सीटों में बढ़ोतरी का यह प्रस्ताव महिला आरक्षण कानून से भी जुड़ा हुआ है। सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना है। बढ़ी हुई सीटों के माध्यम से महिला आरक्षण को लागू करने की योजना है। परिसीमन आयोग आरक्षित सीटों के निर्धारण और उनके आवंटन की प्रक्रिया तय करेगा।
सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश करना चाहती है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेने और अपना पक्ष रखने की अपील की है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सरकार की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि सरकार इस महत्वपूर्ण संवैधानिक बदलाव को जल्दबाजी में पारित कराना चाहती है और बहुमत जुटाने के लिए राजनीतिक तरीके अपना रही है। इससे पहले अप्रैल में लाया गया संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।
लोकसभा और विधानसभा सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी केवल संख्या का बदलाव नहीं है, बल्कि इसका असर देश की चुनावी राजनीति, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और महिला भागीदारी पर भी पड़ेगा। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती विधेयक को संसद के दोनों सदनों में आवश्यक बहुमत से पारित कराने की होगी। वहीं विपक्ष परिसीमन की प्रक्रिया, पारदर्शिता और संवैधानिक प्रावधानों पर सरकार से जवाब मांग सकता है।
अब सबकी नजरें संसद के विशेष सत्र पर हैं, जहां यह तय होगा कि देश की चुनावी व्यवस्था में प्रस्तावित बदलाव को राजनीतिक सहमति मिलती है या एक बार फिर यह मुद्दा सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का कारण बनता है।