नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि जेन Z से बात करने के नाम पर आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल का ब्यान उनकी राजनीतिक हताशा एवं आराजक कार्य शैली का मिला जुला प्रमाण है।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा है कि देश का युवा अरविंद केजरीवाल की घटिया राजनीति को भलीभांति समझता है, अरविंद केजरीवाल ने स्वंय 2010 -11 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक युवा आंदोलन दिल्ली में खड़ा किया पर मात्र 2 साल बाद उसी कांग्रेस के साथ मिलकर 2013 में दिल्ली में सरकार बना ली। 2015 में पुनः युवाओं एवं सामान्य गरीबों को बड़े बड़े सपने दिखा कर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सत्ता हासिल की और फिर अगले 10 साल दिल्ली में अकूट भ्रष्टाचार फैला कर युवाओं के साथ हर वर्ग के लोगों को निराश किया। यही सब अरविंद केजरीवाल की पार्टी की पंजाब सरकार ने भी करके पंजाब के युवाओं एवं महिलाओं को निराश किया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल युवाओं को गुमराह करने के लिए कह रहे हैं कि राजस्थान में “नीट” का पेपर लीक हुआ तो वहां की भाजपा सरकार जिम्मेदार है, मैं केजरीवाल से पूछता हूं कि पेपर लीक को पकड़ा राजस्थान के स्थानीय पुलिस प्रशासन ने तो फिर सरकार कैसे दोषी हुई? यह राजस्थान सरकार की उपलब्धि है कि उसने नकल माफिया का भांडा फोड़ा है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि बेहतर होगा कि अरविंद केजरीवाल यह एहसास करें कि उनकी 10 साल से अधिक के दिल्ली सरकार एवं 4 साल से अधिक के पंजाब सरकार के भ्रष्टाचार को देख चुका देश का युवा यानि जेन Z अब उनके किसी छलावे में नहीं आयेगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय मसलों में ब्यान देकर अरविंद केजरीवाल पहले भी देश को शर्मसार कर चुकें हैं, खुद को हास्य का पात्र बना चुके हैं, उनके लिए उचित होगा कि वह खुद को अंतर्राष्ट्रीय मसलों से अलग रखें और रूस एवं अमरीका को लेकर ब्यानबाज़ी ना करें।