पटना। बिहार की राजनीति ने आज एक नया मोड़ ले लिया है। भाजपा के दिग्गज नेता सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेकर सत्ता की कमान संभाल ली है। राजभवन में आयोजित एक सादे मगर गरिमामय समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सुबह 11 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई सरकार के स्वरूप में संतुलन बिठाते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दो वरिष्ठ नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे, जो इस नए गठबंधन और सत्ता परिवर्तन के मुख्य सूत्रधार माने जा रहे हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के नामों की घोषणा होना बाकी है।