नई दिल्ली: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहन भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि एथेनॉल आधारित ईंधन के बढ़ते उपयोग से किसानों को भी लाभ मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में हीरो मोटोकॉर्प की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल के लॉन्च अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने इसे भारत के ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि नई फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाली मोटरसाइकिलें ई-20 से लेकर ई-85 तक एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलने में सक्षम हैं। इससे वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्प्लेंडर+ और एचएफ डीलक्स फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल के बाजार में आने के साथ भारत बड़े पैमाने पर फ्लेक्स-फ्यूल मोबिलिटी के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। यह पहल देश में स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा देगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एथेनॉल आधारित ईंधन के व्यापक उपयोग से न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति देने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने इस पहल को “भारत की बाइक, भारत का ईंधन” की सोच को साकार करने वाला कदम बताया। फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का विस्तार देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ हरित और टिकाऊ परिवहन प्रणाली के निर्माण में भी सहायक सिद्ध हो सकता है।