अयोध्या: आम को फलों का राजा कहा जाता है, लेकिन अयोध्या के एक किसान ने अपने घर के बगीचे में ऐसा आम उगाया है जिसे दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है। सुल्तानपुर मार्ग स्थित अशरफपुर टोनिया गांव के निवासी ओमप्रकाश सिंह ने अपने बगीचे में जापानी प्रजाति के प्रसिद्ध मियाजाकी आम का सफल उत्पादन कर नई मिसाल पेश की है।
मियाजाकी आम अपनी आकर्षक लालिमा, विशेष स्वाद और सीमित उत्पादन के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहद महंगा माना जाता है। इसकी कीमत सामान्य आमों की तुलना में कई गुना अधिक होती है। इसी वजह से इसे दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल किया जाता है।
ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रयोग के तौर पर इस प्रजाति के पौधे लगाए थे। उपयुक्त देखभाल, सिंचाई और मौसम के अनुकूल प्रबंधन के बाद पौधों पर बेहतर गुणवत्ता के फल तैयार हुए। फल का रंग, आकार और मिठास इसकी विशिष्ट पहचान है।
मियाजाकी आम की खेती किसानों के लिए आय का नया स्रोत बन सकती है, हालांकि इसके लिए विशेष देखभाल और तकनीकी जानकारी की आवश्यकता होती है। अयोध्या में इस दुर्लभ आम का उत्पादन क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों के बीच भी इस आम को देखने और इसके बारे में जानने की उत्सुकता बनी हुई है। ओमप्रकाश सिंह की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि आधुनिक और प्रयोगधर्मी खेती अपनाकर किसान पारंपरिक फसलों से आगे बढ़कर नई संभावनाओं के द्वार खोल सकते हैं।