अयोध्या : अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में करीब 7 करोड़ रुपये की कथित चोरी और हेराफेरी का मामला अब गरमा गया है। इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा शनिवार को मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग किए जाने के महज कुछ ही घंटों के भीतर यह त्वरित कार्रवाई की गई है।
गोबर के ढेर में छिपाकर रखे थे लाखो रुपये
SIT के गठन के साथ ही पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी तेज हो गई है। इसी सिलसिले में मंदिर के एक कर्मचारी लवकुश मिश्रा (27 वर्ष) के घर पर छापेमारी की गई, जहां से पुलिस को ₹10 लाख की नकदी बरामद हुई है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने पकड़े जाने के डर से रुपयों को घर के बाहर गोबर के ढेर (उपलों/कंडों के बीच) में दबाकर छिपाया हुआ था, जबकि कुछ रकम घर के भीतर एक बक्से से मिली है।
लवकुश के पिता ने भी घर से इतनी बड़ी रकम बरामद होने की पुष्टि की है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट होना बाकी है कि बरामद किए गए ये रुपये सीधे मंदिर के चढ़ावे के ही हैं या नहीं।
चढ़ावा गिनने का काम करता था आरोपी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी लवकुश मिश्रा राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान की रकम को गिनने वाली टीम का हिस्सा था। इसी का फायदा उठाकर उसने इस कथित हेराफेरी को अंजाम दिया।
रिश्तेदारों पर भी घूमी शक की सुई जांच में सामने आया है कि लवकुश को यह नौकरी उसके ससुर की सिफारिश पर मिली थी। उसका साला अनुकल्प मिश्रा भी पहले से ही मंदिर में कार्यरत है। पुलिस ने संदेह के आधार पर लवकुश और उसके साले अनुकल्प दोनों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।
जांच के मुख्य बिंदु जिन पर टिकी है SIT की नजर:
-
7 करोड़ का अंतर: ट्रस्ट के खातों और वास्तविक चढ़ावे के मिलान में ₹7 करोड़ का यह भारी अंतर कब और कैसे आया?
-
सुरक्षा में चूक: सीसीटीवी कैमरों और कड़ी सुरक्षा के बावजूद नकदी को बाहर कैसे ले जाया गया?
-
बड़ा नेटवर्क: क्या इस खेल में मंदिर के कुछ अन्य कर्मचारी या बाहरी लोग भी शामिल हैं?
ट्रस्ट का बयान:
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों का कहना है कि मंदिर की पारदर्शिता और भक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। SIT जांच से पूरा सच जल्द ही सामने आ जाएगा।